चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का फूटा गुस्सा, नैतिकता आदर्शों की दिलाई याद

वाराणसी: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए वाराणसी महानगर कांग्रेस ने अनूठा तरीका अपनाया. महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने नदेसर स्थित प्रधान डाकघर से ज्ञानेश कुमार को गीता प्रेस गोरखपुर की प्रकाशित पुस्तक ‘सत्यप्रेमी हरिश्चंद्र’ डाक से भेजी. इसके जरिए उन्हें राजा हरिश्चंद्र के सत्य, ईमानदारी और नैतिकता के आदर्शों की याद दिलाई.

सिद्धांतों से समझौता नहीं किया- राघवेंद्र चौबे
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राजा हरिश्चंद्र ने सत्य की रक्षा के लिए अपना राजपाट और परिवार तक त्याग दिया, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. राहुल गांधी की ओर से उठाए गए वोट चोरी के आरोपों पर भी आयोग को जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने काशी के क्वींस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है.

ऐसे में उन्हें इस धरती की सत्य और न्याय की परंपरा से प्रेरणा लेनी चाहिए, चुनाव आयोग की निष्पक्षता लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है. कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी. इस दौरान सतनाम सिंह, अनुराधा यादव, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अब्दुल हमीद डोडे, रोशन श्रीवास्तव, नरसिंह दास, हिमांशु सिंह, पुलक त्रिपाठी, मो. उज्जैर, सुशील पांडेय, सतेंद्र तिवारी, आशीष शर्मा, विजय देवल और रामजी गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read: होटल के सामने सड़क पर वाहनों की पार्किंग से जाम, संचालक के खिलाफ FIR दर्ज



