मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, दो नाबालिगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेचने वाली महिला गिरफ्तार

वाराणसी : कमिश्नरेट के रोहनियां थाना क्षेत्र की पुलिस ने मानव तस्करी और बाल अपराध के एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर और नशीला पदार्थ सुंघाकर उनकी तस्करी करने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रही 32 वर्षीय शातिर महिला को टेंगरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है. यह पूरा मामला पिछले साल 14 मार्च 2025 का है, जब एक पीड़ित पिता ने रोहनियां थाने में पुलिस को अपनी दर्द भरी दास्तान बयां की थी.
नाबालिग बेटियों का अपहरण
पिता की शिकायत के अनुसार, उनकी 14 साल की बेटी और उसकी 13 साल की सहेली को कुछ शातिर लोग मीठी-मीठी बातों और झांसे में फंसाकर अपने साथ ले गए थे. आरोप था कि बच्चियों को आसानी से तस्करी कर बेचने और ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उन्हें रास्ते में कोई नशीला पदार्थ सुंघाया गया था, ताकि वे विरोध न कर सकें. पिता की तहरीर पर रोहनियां पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 87, 123, 143 और 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. इस संवेदनशील मामले की विवेचना उप-निरीक्षक धर्मेन्द्र राजपूत द्वारा की जा रही थी.
पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार महिला कोई अकेली अपराधी नहीं है, बल्कि यह एक बड़े अंतरराज्यीय/अंतरजिला मानव तस्करी और अपराध गिरोह का हिस्सा है, जो नाबालिग लड़कियों और युवतियों को अपना निशाना बनाता है. पकड़ी गई महिला का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है, जिसके नाम पर कई जिलों में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. सारनाथ थाना, मेहनाजपुर थाना (आजमगढ़) और बलुआ थाना (चंदौली) में मुकदमे दर्ज हैं.
ALSO READ : विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर 600 से अधिक NCC कैडेट्स को दिया गया CPR और AED का प्रशिक्षण
वरुणा जोन के पुलिस अधिकारियों को मुखबिर के जरिए यह पुख्ता सूचना मिली थी कि रोहनियां थाने की वांछित महिला अभियुक्त टेंगरा मोड़ के आसपास देखी गई है।
सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक राजु सिंह ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आज सुबह करीब 10:30 बजे उसे धर दबोचा. फिलहाल पुलिस इस शातिर महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं, वे अब तक कितनी बच्चियों को अपना शिकार बना चुके हैं और उन्हें किन जगहों पर बेचा जाता था.



