मनीष सिंह हत्याकांड में विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस सतर्क, पत्नी ने सीपी और डीएम से की मुलाकात

Police alerted to protests in Manish Singh murder case, wife meets CP and DM
वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर समर्थकों और करनी सेना के प्रदर्शन के कयास लगाए जा रहे थे. संभावित विरोध-प्रदर्शन और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय और कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर पैरामिलिट्री फोर्स समेत पुलिस बल की भारी तैनाती रही. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी गई और आने-जाने वालों पर नजर रखी गई.

इसी बीच मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर परिजनों ने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मुलाकात करने वालों में मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह और अधिवक्ता और मनीष की बहन शामिल थीं. सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है. राजस्व विभाग की ओर से आरोपियों के घरों पर पहले ही नोटिस चस्पा किए जा चुके हैं.

पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती को लेकर भी चर्चाएं तेज
वहीं करनी सेना के विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए कई नेताओं को नजरबंद किए जाने की चर्चा भी रही. जानकारी के अनुसार लखनऊ में करनी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश रघुवंशी को भी हाउस अरेस्ट किया गया. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में स्पष्ट रूप से किसी भी तरह की हाउस अरेस्ट की कार्रवाई से इनकार किया है. कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती को लेकर भी चर्चाएं तेज रहीं.

Also Read: वाराणसी में चोरों ने बंद मकान पर साधा निशाना, लाखों का माल किया पार
इस पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई थी. अधिकारियों के मुताबिक कचहरी संवेदनशील क्षेत्र है और वहां नियमित रूप से सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त बल तैनात किया जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि इस तैनाती का मनीष सिंह हत्याकांड से सीधा कोई संबंध नहीं है.



