वाराणसी में सावन से पहले गंगा सफाई का महाअभियान, हटाया गया 1 टन कचरा...

वाराणसी : श्रावण मास और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाराणसी नगर निगम और नमामि गंगे की संयुक्त टीम ने गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया. अभियान के तहत गंगा पार के रेतीले क्षेत्र से करीब 1,000 किलोग्राम (1 टन) कचरा हटाकर उसका वैज्ञानिक निस्तारण कराया गया. नगर निगम के अनुसार, बाढ़ आने से पहले गंगा किनारे जमा कचरे को हटाना आवश्यक था, ताकि जलस्तर बढ़ने पर यह कचरा मुख्य धारा में बहकर नदी को प्रदूषित न कर सके.

प्लास्टिक, पॉलीथिन और पूजन सामग्री हटाई गई
अभियान के दौरान टीम ने रेत पर फैली पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें, कपड़े, डायपर, पूजन सामग्री और निर्माल्य को एकत्र किया. इसके बाद विशेष नावों के माध्यम से पूरे कचरे को निस्तारण प्लांट भेजा गया. स्वच्छता अभियान के दौरान गंगा किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों से नदी तट पर गंदगी न फैलाने की अपील की गई. "सबका साथ, गंगा साफ" के संदेश के साथ लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया.
ALSO READ:वाराणसी में किन्नर ने विवाह के झांसे में फंसकर नकदी और जेवर से हाथ धोया, पुलिस जांच में जुटी...
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा पार भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि गंगा तट को स्वच्छ रखें और कचरा इधर-उधर न फेंकें. अभियान में पुष्पलता वर्मा, शिवम रावत, देवेंद्र कुमार, शिवम कश्यप, अरुण कुमार, कामेश्वर सेठ, रिंकू सेठ, दिनेश चौधरी, सुनील कुमार, गोपाल, महेंद्र साहनी, हेमवती, रेखा, मंजू और लखी देवी सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्रों और नगर निगम कर्मचारियों ने श्रमदान किया.



