मिसाल पेश करने पैदल ही नगर निगम पहुंचे महापौर, संकल्प को जमीन पर उतारा

The mayor reached the Municipal Corporation on foot to set an example and implemented the resolution.
वाराणसी: काशी से एक बार फिर पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायी संदेश निकला है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के आह्वान को अमलीजामा पहनाते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी गुरुवार को अपने आवास से पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे. महापौर को सड़क पर पैदल चलते देख लोग उनकी सादगी और संकल्प की सराहना करते नजर आए.

'नो फ्यूल डे' मनाया जाएगा
नगर निगम में बीते बुधवार को सामूहिक निर्णय लिया गया था कि हर शनिवार को 'नो फ्यूल डे' मनाया जाएगा. हालांकि, महापौर अशोक कुमार तिवारी ने एक कदम आगे बढ़ते हुए प्रतिदिन पैदल दफ्तर आने का जो संकल्प लिया था, उसका अनुपालन उन्होंने गुरुवार से ही शुरू कर दिया. उनके साथ कुछ समर्थक और पार्षद भी इस मुहिम में शामिल दिखे. महापौर की इस पहल का असर निगम के अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी दिख रहा है. शनिवार को होने वाले 'नो फ्यूल डे' के लिए पार्षदों ने अभी से साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों की तैयारी कर ली है.

यह भी पढ़ें: जापान जाने से पहले काशी पहुंचा नेपाली युवक, समाजसेवी ने बचाई जिंदगी
महापौर ने अपील की है कि नगर निगम के सभी कर्मचारी भी सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का त्याग करें. "प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के हित में ईंधन बचाने का आह्वान किया है.

काशी का प्रथम नागरिक होने के नाते मेरा यह कर्तव्य है कि मैं स्वयं इसकी शुरुआत करूँ. जब तक आवश्यक न हो, मैं पैदल चलकर ही जनता की सेवा और दफ्तर के कार्य निपटाऊंगा." -अशोक कुमार तिवारी, महापौर



