मिशन शक्ति 6.0: सिगरा थाने में पांच महिलाओं का सम्मान, पारिवारिक विवाद सुलझाकर परिवारों को फिर जोड़ा...

वाराणसी: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 के तहत शुक्रवार को सिगरा थाने में पांच महिलाओं को सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और गुलाब का फूल भेंट किया। इसके साथ ही माल्यार्पण कर मिष्ठान वितरित किया गया और मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट देकर उन्हें जागरूक किया गया।
पुलिस के अनुसार, सम्मानित की गई महिलाओं के परिवारों में पिछले वर्ष पारिवारिक विवाद उत्पन्न हुए थे। मिशन शक्ति टीम ने इन मामलों में संबंधित महिलाओं और उनके परिजनों को समझाकर विवाद शांत कराने तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया था। पुलिस का कहना है कि इन प्रयासों के बाद महिलाएं अपने परिजनों के साथ खुशी से रह रही हैं। इसी क्रम में उनके सम्मान और समाज में महिलाओं की गरिमा को रेखांकित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पांच महिलाओं को किया गया सम्मानित
सिगरा थाने में आयोजित कार्यक्रम में सोना मौर्या, कोमल, अंजली भारद्वाज, बिलकिस और वंदना चौरसिया को सम्मानित किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं का स्वागत करते हुए उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।
महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति 6.0 अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनकी समस्याओं के समाधान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
ALSO READ: विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर 600 से अधिक NCC कैडेट्स को दिया गया CPR और AED का प्रशिक्षण
पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी और मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी एवं अपर पुलिस उपायुक्त (महिला एवं अपराध) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा सहित मिशन शक्ति टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और पारिवारिक विवादों के समाधान में संवाद एवं जागरूकता की भूमिका को सामने लाने का प्रयास किया गया।



