सिगरा पर लापरवाही देख भड़के मेयर व नगर आयुक्त, ठोका जुर्माना

वाराणसी : सिगरा स्थित निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अनियमितताओं को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है, शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.

निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने निर्माण स्थल पर कई खामियां देखीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने पाया कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है और कई तकनीकी नियमों की अनदेखी की गई है. इस पर मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाई गई.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने तत्काल प्रभाव से निर्माण एजेंसी पर पांच लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए.
Also Read:इस उम्र में इंसान होता है सबसे ज्यादा खुश, जानें कब और कैसे
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शहर की एक अहम परियोजना है, जिसे जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है.ऐसे में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अभियंता समेत कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे.



