ज्ञान की नगरी से नेहरू का था गहरा संबंध, उनके सुझाव पर नरेंद्र देव बने थे काशी विद्यापीठ के पहले आचार्य...

वाराणसी : ज्ञान की नगरी काशी से देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का गहरा संबंध रहा. महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रबंध समिति में महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय के साथ पंडित जवाहर लाल नेहरू भी सदस्य रहे. नेहरू कई वर्षों तक विद्यापीठ की गवर्निंग बॉडी के सदस्य भी रहे. शिव प्रसाद गुप्त के निमंत्रण और पंडित नेहरू के सुझाव पर ही आचार्य नरेंद्र देव काशी विद्यापीठ में पढ़ाने के लिए आए और पहले आचार्य बने.
पं. नेहरू ने उन्हें न केवल काशी के युवाओं को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के लिए युवाओं की अगली खेप तैयार करने का जिम्मा भी दिया. बाद में आचार्य नरेंद्र देव लखनऊ विश्वविद्यालय और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति भी बने.
काशी विद्यापीठ के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष आनंद शंकर चौधरी ने बताया कि दोनों के बीच वैचारिक और बौद्धिक संबंध भी मजबूत थे. आचार्य नरेंद्र देव के आग्रह पर 8 अक्टूबर 1933 को नेहरू ने मुकुंदीलाल श्रीवास्तव की पुस्तक ऑन द अंडरस्टैंडिंग ऑफ हिस्ट्री की भूमिका लिखी थी. इसमें उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव को अपना मित्र और सहयोगी बताया था. इसके अलावा नेहरू की पुस्तक भारत की खोज के लेखन में भी आचार्य नरेंद्र देव ने बौद्ध दर्शन से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण सहयोग दिया था.
ALSO READ : जिलाधिकारी ने घाटों का किया निरीक्षण, सफाई के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए...
आचार्य नरेंद्र देव के निधन पर 20 फरवरी 1956 को राज्यसभा में नेहरू ने भावुक श्रद्धांजलि दी थी. उन्होंने कहा था कि आचार्य का निधन केवल एक महत्वपूर्ण व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है. नेहरू ने आचार्य नरेंद्र देव को दुर्लभ प्रतिभा, विचारशीलता और असाधारण ईमानदारी वाला व्यक्ति बताया था. उन्होंने कहा था कि आचार्य जैसे व्यक्तित्व का विकल्प मिलना कठिन है.



