Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

सावन में बाबा के दरबार में नहीं होगे वीआईपी दर्शन, तैयारी पूरी...

सावन में बाबा के  दरबार में नहीं होगे वीआईपी दर्शन, तैयारी पूरी...
Jul 07, 2026, 01:27 PM
|
Posted By Prashant Sharma

वाराणसी : आगामी श्रावण मास को लेकर मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम के बोर्ड रूम में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.बैठक की अध्यक्षता वाराणसी मंडला आयुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने की.


इस दौरान 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले सावन मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई. बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण सहित प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


अधिकारियों को पेयजल, चिकित्सा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, साफ-सफाई, सुरक्षा, ई-रिक्शा संचालन, पीए सिस्टम और सीसीटीवी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए. धाम के बाहर लटक रहे बिजली के तारों को भी व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया.


मंदिर प्रशासन ने बताया कि इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिग-जैग बैरिकेडिंग को और मजबूत किया जाएगा. कतार में लगे श्रद्धालुओं को उमस और गर्मी से राहत देने के लिए इंडस्ट्रियल एयर कूलर लगाए जाएंगे. जगह-जगह शीतल पेयजल, ओआरएस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.


प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे श्रावण मास में किसी भी प्रकार के प्रोटोकॉल या विशेष दर्शन की अनुमति नहीं होगी. सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही दर्शन करने होंगे. किसी भी दलाल या विशेष दर्शन के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहने और तत्काल पुलिस या मंदिर कर्मियों को सूचना देने की अपील की गई है.


श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, बैग, धातु की वस्तुएं, तंबाकू, नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामान लेकर कतार में न आएं. अत्यधिक भीड़ के कारण श्रावण मास में बैगेज काउंटर भी संचालित नहीं होंगे. साथ ही लंबी प्रतीक्षा को देखते हुए श्रद्धालुओं से खाली पेट कतार में न लगने की भी अपील की गई है.


श्रावण के चारों सोमवार पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार होगा. 3 अगस्त को शंकर स्वरूप, 10 अगस्त को गौरी-शंकर, 17 अगस्त को अर्धनारीश्वर, 24 अगस्त को रुद्राक्ष और 27 अगस्त को पूर्णिमा पर झूला श्रृंगार किया जाएगा। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन सामान्य दर्शन होंगे.


ALSO READ : वाराणसी में सपा के मुखिया पर टिप्पणी का विरोध, भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन...


वृद्ध, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए गोदौलिया से मैदागिन तक निःशुल्क गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी. वहीं धाम परिसर और आसपास छह स्थानों पर खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे. जो श्रद्धालु धाम नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और टाटा स्काई प्लेटफॉर्म पर बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की व्यवस्था भी रहेगी.

देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
वाराणसी। काशी की देव दीपावली की भव्यता और गंगा घाटों की अलौकिक छटा विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। दशाश्वमेध घाट पर दीपोत्सव, गंगा आरती और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के बीच रूस और ब्रिटेन से आए पर्यटक भी उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान विदेशी महिला पर्यटकों ने काशी की खूबसूरती और आयोजन की जमकर सराहना की।रूस की रहने वाली एलेना ने बताया कि वह करीब 10 साल पहले भी वाराणसी आ चुकी हैं। इस बार अपने दोस्तों को काशी की खूबसूरती और देव दीपावली की भव्यता दिखाने के लिए यहां लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल ब्रिटेन में रहती हैं। वहीं सोफिया और विक्टोरिया ने भी घाटों के माहौल और आयोजन को बेहद खूबसूरत बताया। उन्होंने कहा कि यहां की हर चीज उन्हें काफी पसंद आ रही है।दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के समापन के बाद भी विदेशी पर्यटक घाटों की रौनक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए रुके रहे। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। काशी की धार्मिक परंपरा, उत्सव की भव्यता और लोगों के स्वागत ने विदेशी मेहमानों के लिए देव दीपावली की शाम को यादगार बना दिया।
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
वाराणसी। देव दीपावली पर केदार घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य महाआरती और पूजन का आयोजन किया गया। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों की टिमटिमाहट, धूप-दीप की सुगंध और वैदिक मंत्रों के गूंजते स्वर ने पूरे घाट को भक्तिमय बना दिया। गंगा की सुरसुरी और लहरों के बीच जब आरती की लौ उठी तो ऐसा लगा मानो दीपों का प्रकाश मां गंगा की जलधारा में उतरकर आध्यात्मिक आभा बिखेर रहा हो। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और सुख-समृद्धि की कामना की। गंगोत्री सेवा समिति के पं. संदीप कुमार दुबे (सोनू महाराज) ने बताया कि वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन कर महाआरती की गई। घंट-घड़ियाल, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच आरती की लौ के साथ मां गंगा की स्तुति हुई। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की प्राचीन परंपरा को निभाते हुए श्रद्धालुओं ने घाट की सीढ़ियों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलित किए। दीपों की कतारों से सजा केदार घाट और गंगा की लहरों पर तैरते दीपों की आभा देखते बन रही थी। इस दौरान केदार घाट को सुगंधित देसी विदेशी फुल माला और विद्युत झालरों से सजाया गया था। आयोजन में कलाकारों ने काशी की संस्कृति, परंपरा, लोक आस्था पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली इस बार गौमाता को समर्पित रही। शंकराचार्य घाट पर श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य में गौदेव दीपावली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से गौमाता की रक्षा, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने का संदेश दिया गया।शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आदेशानुसार इस वर्ष की देव दीपावली गौमाता को समर्पित की गई। शंकराचार्य घाट पर दीपों और रंगोली के माध्यम से बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की सुंदर आकृति बनाई गई। इसके जरिए सनातन धर्म में गौमाता के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया।उन्होंने बताया कि मान्यता है कि काशी में देव दीपावली के दिन भगवान शिव के साथ समस्त देवी-देवता धरती पर अवतरित होते हैं। ऐसे पावन अवसर पर 33 कोटि देवी-देवताओं की आश्रयस्थली मानी जाने वाली गौमाता की रक्षा का संकल्प लेकर सभी देवी-देवताओं को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया। आयोजन के माध्यम से सरकार से देश में गोकशी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित करने की मांग की गई।इस दौरान शंकराचार्य जी महाराज के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सनातन धर्म में ईश्वर और गुरु का सर्वोच्च स्थान है, लेकिन घर में बनने वाली पहली रोटी ईश्वर या गुरु को नहीं, बल्कि गौमाता को समर्पित की जाती है। यह परंपरा स्वयं गौमाता के महत्व और सनातन संस्कृति में उनके स्थान को दर्शाती है।आयोजन में उपस्थित संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौमाता के जयकारे लगाए। सभी ने एक स्वर में देश में गोकशी को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की सरकार से मांग की। इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, केके द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा, दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वैदिक विद्यार्थी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।