3 अगस्त को यदुवंशी समाज निकालेगा पारंपरिक जलाभिषेक यात्रा, बाबा विश्वनाथ का करेगा दुग्ध व गंगाजल से अभिषेक...

वाराणसी: श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर काशी विश्वनाथ दल के नेतृत्व में यदुवंशी समाज पारंपरिक जलाभिषेक यात्रा निकालेगा. संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनलेश्वर यादव ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अंग्रेजी शासनकाल से चली आ रही यह परंपरा आज भी निरंतर जारी है और वर्ष 1952 से काशी विश्वनाथ दल के संस्थापक स्वर्गीय तेजू सरकार के नेतृत्व में यह आयोजन होता आ रहा है.
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त (सोमवार) सुबह 9 बजे यदुवंशी समाज के लोग एकत्र होकर सबसे पहले मां गंगा का पूजन-अर्चन करेंगे.
इसके बाद गंगाजल लेकर मां शीतला का जलाभिषेक किया जाएगा,फिर शीतला घाट से जल भरकर गंगा तट के रास्ते डफरिन पुल होते हुए डुंडीराज गणेश का पूजन किया जाएगा.
इसके बाद श्रद्धालु मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का गंगाजल व दुग्ध से जलाभिषेक करेंगे. जलाभिषेक के उपरांत ज्ञानवापी से होते हुए बांस फाटक स्थित शारदा कॉम्प्लेक्स पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच फलाहार का वितरण किया जाएगा, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन होगा .
ALSO READ:सिगरा में बार संचालक का पीछा कर जान से मारने की कोशिश, पांच पर मुकदमा...
पत्रकार वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनलेश्वर यादव के साथ संरक्षक इंजीनियर अशोक यादव, अर्जुन यादव, मदन यादव, विकास यादव, अनिल यादव, रमेश यादव, सुनील यादव, मोनू यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.



