संविधान दिवस पर गंगा द्वार बना जागरूकता का केंद्र, नमामि गंगे ने दिलाया पर्यावरण रक्षा का संकल्प

वाराणसी। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर संविधान के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया। नमामि गंगे की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने के साथ प्रकृति की रक्षा और गंगा को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने का संकल्प लिया। हाथों में संविधान की तस्वीर और तिरंगा लेकर लोगों ने ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ का उद्घोष किया।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं और पर्यटकों को संविधान के प्रति निष्ठा तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
राजेश शुक्ला ने कहा कि संविधान केवल नागरिकों को अधिकार ही नहीं देता, बल्कि उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51-ए (जी) के तहत जंगलों, झीलों, नदियों और वन्यजीवों सहित प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा एवं संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक का मूल कर्तव्य है। साथ ही सभी जीवों के प्रति दया और संवेदनशीलता का भाव रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।

गंगा संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी
उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखना केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जब नागरिक अपने संवैधानिक दायित्वों को समझते हुए पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे, तभी गंगा और प्रकृति को सुरक्षित रखने का उद्देश्य पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के संवैधानिक दायित्वों का पालन तथा सरकारी और सामुदायिक प्रयासों का समन्वय ही गंगा के कायाकल्प का मजबूत आधार बन सकता है।
Also Read:- सड़क हादसे ने छीनी पुलिस जवान की जिंदगी, पुलिस लाइन में अधिकारियों ने दी अंतिम विदाई

श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने लिया प्रकृति रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने संविधान के सम्मान के साथ नदियों, जलस्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रविंद्र पांडेय, साकेत, रोहित मिश्रा, रिया, आरती, जय शाहा, रमन नायडू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उपस्थित रहे।



