मातृ दिवस पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने महिलाओं संग किया 500 बेडेड अस्पताल का भूमि पूजन…

वाराणसी: मातृ दिवस के अवसर पर दक्षिणी विधानसभा के विधायक नीलकंठ तिवारी ने महिलाओं के साथ कबीरचौरा स्थित शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के नए 500 बेडेड मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया. करीब 316 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्पताल काशी की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा.

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि अस्पताल में 500 बेड, 50 से अधिक आईसीयू बेड, 100 से ज्यादा एचडीयू बेड और 600 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी. अस्पताल दो आधुनिक टावरों में तैयार होगा.

मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्डियक, कैंसर, न्यूरो और बच्चों के इलाज के लिए अलग-अलग अत्याधुनिक यूनिट बनाई जाएंगी. साथ ही महिला अस्पताल में बच्चों के आईसीयू का भी जल्द लोकार्पण किया जाएगा. विधायक ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह परियोजना तेजी से पूरी कराई जाएगी, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े.
ALSO READ :मदर्स डे पर बेटी ने निभाया बेटे का फर्ज, मां को दिया कंधा और मुखाग्नि...
इस दौरान जनप्रतिनिधि, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.



