काशी तमिल संगमम् के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू, कन्याकुमारी से पहली ट्रेन रवाना

वाराणसी। काशी तमिल संगमम् 5.0 में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए दक्षिण रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। बुधवार को कन्याकुमारी रेलवे स्टेशन से बनारस के लिए पहली विशेष ट्रेन रवाना हुई। यात्रा शुरू होने से पहले स्टेशन पर काशी तमिल संगमम् में शामिल होने जा रहे प्रतिनिधियों का समारोहपूर्वक स्वागत किया गया।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल पर आयोजित काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक और सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करना है। आईआईटी मद्रास और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतिनिधियों और अन्य यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दक्षिण रेलवे ने कन्याकुमारी, डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल और कोयंबटूर से बनारस के बीच सात जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। इसके तहत ट्रेन संख्या 06041 कन्याकुमारी-बनारस एक्सप्रेस स्पेशल 25 नवंबर को कन्याकुमारी से रवाना हुई। यह ट्रेन 27 नवंबर की रात आठ बजे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
Also Read:- काशी विद्यापीठ में व्यक्तित्व विकास की त्रिवेणी: प्रेरणा, नैतिकता और स्वास्थ्य पर चर्चा
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 06042 बनारस-कन्याकुमारी एक्सप्रेस स्पेशल एक दिसंबर को रात 10:30 बजे बनारस से रवाना होगी और चार दिसंबर की सुबह 4:45 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी। यात्रा के दौरान ट्रेन का विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा दिसंबर महीने में चेन्नई, कोयंबटूर और कन्याकुमारी से छह अन्य जोड़ी विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें नियमित काशी तमिल संगमम् साप्ताहिक एक्सप्रेस के अतिरिक्त चलाई जाएंगी।
रेलवे की इस व्यवस्था से दक्षिण भारत और काशी के बीच रेल संपर्क को मजबूती मिलेगी। साथ ही संगमम् में हिस्सा लेने वाले प्रतिनिधियों के अलावा अन्य यात्रियों को भी बनारस आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।



