काशी विद्यापीठ में व्यक्तित्व विकास की त्रिवेणी: प्रेरणा, नैतिकता और स्वास्थ्य पर चर्चा

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) द्वारा पीएम-ऊषा के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय अल्पकालिक पाठ्यक्रम ‘पर्सनैलिटी डेवलपमेंट: एन इंटीग्रल एंड हॉलिस्टिक अप्रोच’ के पांचवें दिन बुधवार को प्रेरणा, नैतिक मूल्यों एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति नवनीत कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में सफल होने के लिए असाधारण बुद्धिमत्ता से अधिक निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान जरूरी है। उन्होंने प्रभावशाली व्यक्तित्व निर्माण में हाव-भाव, भावनाओं और बॉडी लैंग्वेज की भूमिका को भी रेखांकित किया।
Also Read:- काशी विद्यापीठ में एआई पर सजी विचारों की महफिल, हिंदी-अंग्रेजी वर्ग से पांच विद्यार्थियों का चयन
द्वितीय सत्र में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा और नैतिक मूल्यों को व्यक्तित्व विकास का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में नैतिकता, संस्कार और मानवीय मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
तृतीय सत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) के आयुर्वेद विभाग से जुड़े बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव जायसवाल ने ‘प्रिवेंशन इज बेटर दैन क्योर’ के सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक आचार-विचार और स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. प्रतिभा सिंह ने किया। स्वागत आईक्यूएसी निदेशक प्रो. रमाकांत सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. आनंद शंकर चौधरी ने किया। इस अवसर पर पीएम-ऊषा निदेशक प्रो. राकेश कुमार तिवारी, डॉ. कंचन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



