काशी विद्यापीठ में एआई पर सजी विचारों की महफिल, हिंदी-अंग्रेजी वर्ग से पांच विद्यार्थियों का चयन

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पांच विद्यार्थी राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद, गोरखपुर के संस्थापक-सप्ताह समारोह-2026 के अंतर्गत 7 से 9 दिसंबर तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय के पांच विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इसके लिए बुधवार को विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता : अवसर एवं चुनौतियां' विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तेजी से बढ़ते प्रभाव, शिक्षा, तकनीक और सामाजिक जीवन में उसकी उपयोगिता के साथ ही उससे जुड़ी संभावनाओं एवं चुनौतियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने भाषण के माध्यम से एआई के सकारात्मक पहलुओं और उसके विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राज्य स्तरीय आयोजन में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभागियों का चयन करना था।

Also Read:- शिक्षक एमएलसी ने आयुष विभाग में 1000 फर्जी डाक्टरों के पंजीयन का लगाया आरोप
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. रामाश्रय सिंह, प्रो. अनिता, डॉ. नीरज धनखड़, डॉ. आरती विश्वकर्मा एवं डॉ. जयशंकर प्रसाद सिंह शामिल रहे। निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर हिंदी भाषा वर्ग में शिवानी धनखड़ एवं श्रुति उपासनीय तथा अंग्रेजी भाषा वर्ग में मनस्वी शुक्ला, सुनिधि उपाध्याय एवं कृष्णकांत पांडेय का चयन राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के लिए किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजमुनि तथा सह-संयोजक सहायक कुलसचिव डॉ. आनंद कुमार सिंह रहे। प्रतियोगिता का संचालन प्रो. अविनाश कुमार सिंह ने किया।



