शिक्षक एमएलसी ने आयुष विभाग में 1000 फर्जी डाक्टरों के पंजीयन का लगाया आरोप

वाराणसीः उत्तर प्रदेश के आयुष विभाग और चिकित्सा पंजीयन व्यवस्था को लेकर शिक्षक एमएलसी एवं विधान परिषद में पूर्व नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नवीन सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आऱोप लगाया कि आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बती चिकित्सा पद्धति बोर्ड, लखनऊ के रजिस्ट्रार डॉ. अखिलेश वर्मा कथित तौर पर डॉक्टर पंजीयन घोटाले से जुड़े एक अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का संचालन कर रहे हैं और विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है. प्रेसवार्ता में लाल बिहारी यादव ने आरोप लगाया कि बिना नीट परीक्षा उत्तीर्ण किए और बिना किसी मेडिकल कालेज में विधिवत दाखिला लिए लगभग 1,000 लोगों को कथित तौर पर बीएएमएस (BAMS) पंजीकृत डॉक्टर बना दिया गया. उनके अनुसार, प्रति अभ्यर्थी 15 से 20 लाख रुपये की कथित वसूली के जरिए करीब 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की गई. हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कालेजों के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी मार्कशीट, डिग्री, इंटर्नशिप प्रमाणपत्र और बोर्ड की एनओसी जैसे कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए.
ALSO READ : ट्राली चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
आरोप है कि इन दस्तावेजों को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर फर्जी सत्यापन दिखाया गया और रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर से पंजीयन प्रमाणपत्र जारी किए गए, जिसके आधार पर कई लोग जिलों में पंजीकरण कराकर वर्षों से प्रैक्टिस कर रहे हैं और मरीजों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। लाल बिहारी यादव ने बताया कि कथित पंजीयन घोटाले का खुलासा 7 अप्रैल 2025 को भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (NCISM), नई दिल्ली की टीम ने किया था और रजिस्ट्रार को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे. आरोप है कि रजिस्ट्रार ने बोर्ड सदस्यों को इसकी सूचना नहीं दी, अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 41 कथित फर्जी पंजीयन निरस्त कर दिए और लखनऊ के हुसैनगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज नहीं कराई. उन्होंने यह भी कहा कि मामले को दबाए रखने के लिए अप्रैल 2025 से बोर्ड की नियमित कार्यवाही बाधित रखी गई. जब बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. शैलेश राय को 2 अगस्त 2026 को इस मामले की जानकारी हुई, तो उन्होंने मुख्यमंत्री, आयुष मंत्री, प्रमुख सचिव आयुष और पुलिस कमिश्नर को लिखित सूचना दी. लगातार पत्राचार और मीडिया के दबाव के बाद करीब 15 माह के अंतराल पर हुसैनगंज थाने में महज 60 फर्जी पंजीकृत चिकित्सकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हो सकी. लाल बिहारी यादव ने सवाल उठाया कि जिन पर हस्ताक्षर कर प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप है, वे पद पर बने हुए हैं, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है.



