पांडेयपुर चौराहे की बदलेगी सूरत, जाम से मिलेगी राहत; नगर आयुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा...

वाराणसी : शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील यातायात चौराहों में शामिल पांडेयपुर चौराहे की तस्वीर अब बदलने जा रही है. वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे इस चौराहे के पुनर्विकास और सुंदरीकरण की दिशा में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कवायद तेज कर दी है. इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों के साथ पांडेयपुर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर मौजूदा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चौराहे पर लगातार लगने वाले जाम के कारणों का अवलोकन किया. उन्होंने पाया कि सड़क किनारे अनियमित रूप से खड़े होने वाले ऑटो और अन्य वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है. इसे देखते हुए उन्होंने सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए अलग से ऑटो स्टैंड चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि ऑटो निर्धारित स्थान पर ही खड़े हों और मुख्य सड़क पर अनावश्यक अवरोध न बने.

इसके अलावा नगर आयुक्त ने चौराहे के समीप स्थित डिवाइडर को हटाने के भी निर्देश दिए. उनका मानना है कि इससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और चौराहे पर लगने वाले जाम में कमी आएगी. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यातायात की वास्तविक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सभी सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं.
पांडेयपुर चौराहे के पुनर्निर्माण और सुंदरीकरण को लेकर नगर आयुक्त ने नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, पीडब्ल्यूडी तथा यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें, ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द आम नागरिकों को मिल सके.
नगर निगम का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल चौराहे का सौंदर्यीकरण करना नहीं, बल्कि यातायात व्यवस्था को वैज्ञानिक और व्यवस्थित बनाना भी है। योजना पूरी होने के बाद पांडेयपुर चौराहे पर वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु होने की उम्मीद है, जिससे प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों और आम लोगों को राहत मिलेगी।
ALSO READ : कामिक्स के जरिए बताई डीएनए वारियर डा. लालजी सिंह की कहानी, जन्मदिन पर हुई लांच...
गौरतलब है कि पांडेयपुर चौराहा शहर के उत्तरी हिस्से को जोड़ने वाला प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां दिनभर भारी वाहनों, सार्वजनिक परिवहन, ऑटो और निजी वाहनों का दबाव बना रहता है. ऐसे में इस चौराहे के पुनर्विकास से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है.
निरीक्षण के दौरान पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह, पीडब्ल्यूडी के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.



