वाराणसी के बसनी बाजार में आग से दहशत, फल की दुकान जलकर खाक...

वाराणसी: बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी बाजार तिराहे पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फल की दुकान के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई, आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. लोगों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
जानकारी के अनुसार बसनी बाजार निवासी विजय कुमार गुप्ता की फल की दुकान है. बुधवार सुबह करीब नौ बजे दुकान के पीछे बने हिस्से से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया. देखते ही देखते वहां रखे प्लास्टिक के कैरेट, कार्टन और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए. आग बढ़ने लगी तो बाजार में हड़कंप मच गया और आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पानी और अन्य संसाधनों के जरिए आग बुझाने में सहयोग किया. बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही.
ALSO READ:तेज आंधी और झमाझम बारिश से बदला बनारस का मौसम...
घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था.
पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.



