पप्पू की चाय अड़ी पर बृजेश सिंह का सम्मान, जुटे शहर के प्रमुख लोग...

वाराणसी: अस्सी स्थित शहर की चर्चित पप्पू की चाय अड़ी पर रविवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां जगन्नाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह का अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे भी मौजूद रहे. इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए.
समारोह के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उपस्थित लोगों ने श्री जगन्नाथ मंदिर से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए ट्रस्ट की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता और सौहार्द का माहौल देखने को मिला.
इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे ने कहा कि इस वर्ष श्री जगन्नाथ जी का आयोजन पहले की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित होने जा रहा है. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की जा रही हैं ताकि आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके.
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक चर्चा के साथ राजनीतिक चर्चाओं ने भी माहौल को गर्म किया. अशोक पांडे ने अपनी व्यक्तिगत राय रखते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बृजेश सिंह एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बृजेश सिंह और उनका परिवार लंबे समय से भाजपा की विचारधारा और संगठन से जुड़ा रहा है तथा लगातार सक्रिय भूमिका निभाता आया है.
समारोह के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे का आभार व्यक्त किया साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा समाज में एकजुटता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया.



