वाराणसी में यात्रियों की सुरक्षा होगी मजबूत, पुलिस कमिश्नर ने किया अत्याधुनिक पुलिस बूथ का उद्घाटन

वाराणसी : कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नवनिर्मित पुलिस बूथ का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने किया. इस अवसर पर उन्होंने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ तथा फीता काटकर पुलिस बूथ का लोकार्पण किया.

कैंट रेलवे स्टेशन वाराणसी का प्रमुख प्रवेश द्वार माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक पहुंचते हैं. बीते समय में पर्यटकों और यात्रियों के साथ विभिन्न प्रकार की घटनाएं सामने आने के बाद इस क्षेत्र में पुलिस बूथ की मांग लंबे समय से की जा रही थी.
हाल ही में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को यहां एक आधुनिक पुलिस बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए थे. उनके निर्देश पर थाना प्रभारी सिगरा शिवाकांत मिश्रा ने पहल करते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस बूथ का निर्माण कराया.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पुलिस बूथ यात्रियों की सहायता, सुरक्षा और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मददगार साबित होगा.
ALSO READ: नाबालिग से पैथोलॉजी में दुष्कर्म, 6 साल तक ब्लैकमेल करने वाले आरोपी 'चाचा' पर मुकदमा
उद्घाटन समारोह में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी जोन, एसीपी चेतगंज शुभम सिंह, इंस्पेक्टर सिगरा शिवाकांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.



