वाराणसी में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, जवानों की ली सलामी

वाराणसी : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन व कैम्प आवास पर हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तिरंगा फहराया. इसके बाद परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली. राष्ट्रगान के साथ पूरा माहौल देशभक्ति से गूंज उठा. इस मौके पर पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस कर्मियों और शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी. उन्होंने कहा कि "आजादी हमें शहीदों के बलिदान से मिली है. पुलिस की जिम्मेदारी है कि हम कानून व्यवस्था बनाए रखकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करें.
कमिश्नर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशंसा पत्र और पदक देकर सम्मानित भी किया. उन्होंने जनता से अपील की कि "ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें. कार्यक्रम में जेसीपी ,डीसीपी, एडीसीपी, और भारी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे.

वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय में ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय में गरिमापूर्ण वातावरण में राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर वैभव कृष्ण
पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र, द्वारा परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तत्पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया व राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई.
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं.

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण कराता है. राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं संविधान की गरिमा की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है.
ALSO READ : फैज़ान-ए-सदरुश्शरिया मदरसे में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से पुलिसकर्मी सम्मानित - उक्त अवसर पर परिक्षेत्र के जनपदों में नियुक्त अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान किए गए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के फलस्वरूप उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस के समक्ष कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ-साथ साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, संगठित अपराध तथा तकनीकी अपराध जैसी नई चुनौतियां भी हैं. इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर सूचना तंत्र, आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया एवं निरंतर प्रशिक्षण को प्राथमिकता दिया जाना आवश्यक है. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाएं तथा जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को निरंतर मजबूत करें.



