पूर्वांचल के तीसरे बड़े एयरपोर्ट के निर्माण का मार्ग प्रशस्त, करोड़ों रुपये जारी

वाराणसी: पूर्वांचल के तीसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो चुका है. सोनभद्र के म्योरपुर में बनने वाले एयरपोर्ट के लिए शासन की ओर से 23 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है. निर्माण शुरू करने के लिए कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. इसी महीने से निर्माण शुरू होने के आसार हैं. इस एयरपोर्ट का निर्माण आजमगढ़ एयरपोर्ट की तर्ज पर होगा. यहां से क्षेत्रीय और नॉन कनेक्टिंग विमानों का संचालन होगा. सोनभद्र के म्योरपुर में एयरपोर्ट का निर्माण साल 2022 से कराया जा रहा है. पूर्व में यहां पार्किंग के लिए चिह्नित जमीन पर विवाद के कारण स्टे लग गया था. दिसंबर 2025 में हाईकोर्ट ने इस जमीन से स्टे हटा लिया. यही नहीं शासन की ओर से इस एयरपोर्ट के निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है.

नॉन कनेक्टिंग फ्लाइट्स का संचालन
वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों की निगरानी में यहां काम कराया जाएगा. यहां से क्षेत्रीय विमान और नॉन कनेक्टिंग फ्लाइट्स का संचालन होगा. सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसी महीने से निर्माण कार्य शुरू होने के आसार हैं. एयरपोर्ट का निर्माण करीब 70 एकड़ जमीन पर होगा. रनवे की लंबाई 2000 मीटर होगी. आजमगढ़ एयरपोर्ट की तर्ज पर यहां छोटा टर्मिनल भवन, वीआईपी लाउंज, पार्किंग, सुरक्षा और चेक-इन काउंटर बनाए जाएंगे. लगेज के लिए विशेष कन्वेयर सिस्टम होगा, जो विमान से आगमन हॉल में यात्रियों तक चेक किए गए सामान को पहुंचाने के लिए लगाया जाएगा.

वाराणसी समेत 10 जिलों से होगा सोनभद्र एयरपोर्ट का जुड़ाव
म्योरपुर एयरपोर्ट का जुड़ाव वाराणसी समेत आसपास के 10 जिलों से होगा. इसमें आजमगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, कुशीनगर, गोरखपुर, लखनऊ जैसे जिले शामिल हैं. उड़ान योजना के तहत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए इस एयरपोर्ट से क्षेत्रीय उड़ानें अधिक होंगी. इनके अलावा सोनभद्र व आसपास के क्षेत्र बड़ा औद्योगिक हब होने के कारण यहां से कुछ प्रमुख शहरों के लिए नॉन कनेक्टिंग विमान भी संचालित किए जाएंगे.

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री ने ‘काशी कोतवाल’ और बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन, दुकानदारों से की बातचीत
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि सोनभद्र के म्योरपुर में एयरपोर्ट बनाने के लिए बजट जारी कर दिया गया है. आजमगढ़ एयरपोर्ट की तर्ज पर इसका निर्माण होगा. यहां से क्षेत्रीय और नॉन कनेक्टिंग विमान संचालित होंगे. इसका निर्माण जल्द ही शुरू होगा.

