कंटेनर की चपेट में आने से पीडब्लूडी कर्मी की मौत, परिवार में मातम

वाराणसी : रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय हाईवे चौराहे पर मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई. हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे प्रयागराज से कोलकाता की ओर जा रहा एक कंटेनर ट्रक मोहनसराय चौराहे पर सड़क पार कर रहे नंदलाल राजभर उर्फ संजय (35) निवासी राजभर बस्ती, छितौनी कोट, अखरी चौकी क्षेत्र (रोहनिया) को कुचल दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया. इसके बाद वह कंटेनर छोड़कर फरार हो गया. सूचना के बाद पहुंची रोहनिया पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक पीडब्ल्यूडी विभाग में चतुर्थ श्रेणी के बेलदार के पद पर कार्यरत था.
ALSO READ :आईआईटी बीएचयू के प्रो. श्याम कमल बने पोलिश विज्ञान अकादमी के सदस्य...
हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने कंटेनर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मोहनसराय चौराहे पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज के धीमे निर्माण पर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि फुट ओवर ब्रिज समय पर तैयार न होने से पैदल राहगीरों को जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करना पड़ता है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार होने का खतरा बना हुआ है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.



