क्वींस कॉलेज में प्रधानाचार्य का तबादला, चित्रकूट से आएंगे नए प्राचार्य; सुमित कुमार श्रीवास्तव की कार्यशैली को लेकर लोगों में रही अच्छी छवि...

वाराणसी: उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशालय ने प्रशासनिक आधार पर माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रधानाचार्यों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं.इसी क्रम में वाराणसी के ऐतिहासिक क्वींस कॉलेज (राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज) के प्रधानाचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव का तबादला चित्रकूट मंडल स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, हरदौली कला में कर दिया गया है.
वहीं, चित्रकूट में कार्यरत प्रधानाचार्य विश्वेश्वर सिंह को स्थानांतरित कर क्वींस कॉलेज वाराणसी का नया प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है.शिक्षा निदेशालय ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं.
ALSO READ : क्रिकेटर यश दयाल पत्नी संग पहुंचे काशी, बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दरबार में टेका माथा
क्वींस कॉलेज में अपने कार्यकाल के दौरान सुमित कुमार श्रीवास्तव ने शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कई प्रयास किए.उनकी कार्यशैली और सक्रियता को लेकर विद्यालय से जुड़े लोगों और छात्रों के बीच सकारात्मक छवि बनी रही.स्थानांतरण की खबर सामने आने के बाद विद्यालय परिसर और स्थानीय शिक्षा जगत में उनकी कार्यशैली को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.
शिक्षा विभाग की ओर से जारी इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब क्वींस कॉलेज को नए नेतृत्व के रूप में विशेष्वर सिंह मिलेंगे, जिनसे विद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है.



