रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैक्शन) ने किया बरेका का दौरा, लोको निर्माण प्रक्रिया और संरक्षा मानकों का लिया जायजा

वाराणसी : रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) श्री सोमेश कुमार ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बरेका में चल रही लोको निर्माण प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक, उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और संरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया।
श्री सोमेश कुमार ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का निरीक्षण किया। उन्होंने लोको निर्माण में अपनाई जा रही अत्याधुनिक तकनीकों और विभिन्न उत्पादन प्रक्रियाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अमृत भारत लोको के कैब का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में श्री सोमेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान बरेका की उत्पादन गतिविधियों, लोको निर्माण, तकनीकी प्रगति, गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
ALSO READ : बरेका में सड़क पर मिला महिला का डेढ़ लाख का पर्स, RPF ने सुरक्षित लौटाया.
बैठक में मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) श्री अरविंद कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) श्री अनुराग गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) श्री भारद्वाज चौधरी, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) श्री प्रवीण कुमार और मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री राम जन्म चौबे ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों और तकनीकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान उत्पादन, गुणवत्ता और संरक्षा से जुड़े कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। दौरे के दौरान रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य ने बरेका में लोको निर्माण की तकनीकी दक्षता और उत्पादन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया।



