Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

रथयात्रा मेला होगा प्लास्टिक मुक्त, दुकानदारों को देना होगा शपथ पत्र...

रथयात्रा मेला होगा प्लास्टिक मुक्त, दुकानदारों को देना होगा शपथ पत्र...
Jul 15, 2026, 03:34 AM
|
Posted By Gaandiv

वाराणसी: त्रिदिवसीय रथयात्रा मेले को इस बार पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है. मेले में लगने वाली सभी अस्थायी दुकानों, ठेलों और गुमटी संचालकों को प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग न करने संबंधी शपथ पत्र देना होगा. साथ ही प्रत्येक दुकानदार के लिए अपनी दुकान के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


नगर निगम प्रशासन ने बताया कि रथयात्रा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. मेले को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है कि सभी अस्थायी दुकानदार लिखित रूप से यह घोषणा करेंगे कि वे अपनी दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक या पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करेंगे. इसके अलावा प्रत्येक दुकान के सामने कूड़ेदान रखना अनिवार्य होगा, ताकि मेला क्षेत्र में कचरा इधर-उधर न फैले और स्वच्छता बनी रहे.


महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर निगम अधिकारियों को रथयात्रा मार्ग की मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सड़कों को गड्ढामुक्त करने, पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और चौबीसों घंटे सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं.


महापौर ने जलकल विभाग को भी मेला क्षेत्र और आसपास के संपर्क मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें पूरे मेले के दौरान लगातार निगरानी करेंगी और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


ALSO READ:सिगरा के 'द वाइब बार' में मारपीट के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी...



नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस बार रथयात्रा मेले में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
वाराणसी। काशी की देव दीपावली की भव्यता और गंगा घाटों की अलौकिक छटा विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। दशाश्वमेध घाट पर दीपोत्सव, गंगा आरती और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के बीच रूस और ब्रिटेन से आए पर्यटक भी उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान विदेशी महिला पर्यटकों ने काशी की खूबसूरती और आयोजन की जमकर सराहना की।रूस की रहने वाली एलेना ने बताया कि वह करीब 10 साल पहले भी वाराणसी आ चुकी हैं। इस बार अपने दोस्तों को काशी की खूबसूरती और देव दीपावली की भव्यता दिखाने के लिए यहां लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल ब्रिटेन में रहती हैं। वहीं सोफिया और विक्टोरिया ने भी घाटों के माहौल और आयोजन को बेहद खूबसूरत बताया। उन्होंने कहा कि यहां की हर चीज उन्हें काफी पसंद आ रही है।दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के समापन के बाद भी विदेशी पर्यटक घाटों की रौनक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए रुके रहे। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। काशी की धार्मिक परंपरा, उत्सव की भव्यता और लोगों के स्वागत ने विदेशी मेहमानों के लिए देव दीपावली की शाम को यादगार बना दिया।
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
वाराणसी। देव दीपावली पर केदार घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य महाआरती और पूजन का आयोजन किया गया। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों की टिमटिमाहट, धूप-दीप की सुगंध और वैदिक मंत्रों के गूंजते स्वर ने पूरे घाट को भक्तिमय बना दिया। गंगा की सुरसुरी और लहरों के बीच जब आरती की लौ उठी तो ऐसा लगा मानो दीपों का प्रकाश मां गंगा की जलधारा में उतरकर आध्यात्मिक आभा बिखेर रहा हो। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और सुख-समृद्धि की कामना की। गंगोत्री सेवा समिति के पं. संदीप कुमार दुबे (सोनू महाराज) ने बताया कि वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन कर महाआरती की गई। घंट-घड़ियाल, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच आरती की लौ के साथ मां गंगा की स्तुति हुई। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की प्राचीन परंपरा को निभाते हुए श्रद्धालुओं ने घाट की सीढ़ियों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलित किए। दीपों की कतारों से सजा केदार घाट और गंगा की लहरों पर तैरते दीपों की आभा देखते बन रही थी। इस दौरान केदार घाट को सुगंधित देसी विदेशी फुल माला और विद्युत झालरों से सजाया गया था। आयोजन में कलाकारों ने काशी की संस्कृति, परंपरा, लोक आस्था पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली इस बार गौमाता को समर्पित रही। शंकराचार्य घाट पर श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य में गौदेव दीपावली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से गौमाता की रक्षा, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने का संदेश दिया गया।शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आदेशानुसार इस वर्ष की देव दीपावली गौमाता को समर्पित की गई। शंकराचार्य घाट पर दीपों और रंगोली के माध्यम से बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की सुंदर आकृति बनाई गई। इसके जरिए सनातन धर्म में गौमाता के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया।उन्होंने बताया कि मान्यता है कि काशी में देव दीपावली के दिन भगवान शिव के साथ समस्त देवी-देवता धरती पर अवतरित होते हैं। ऐसे पावन अवसर पर 33 कोटि देवी-देवताओं की आश्रयस्थली मानी जाने वाली गौमाता की रक्षा का संकल्प लेकर सभी देवी-देवताओं को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया। आयोजन के माध्यम से सरकार से देश में गोकशी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित करने की मांग की गई।इस दौरान शंकराचार्य जी महाराज के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सनातन धर्म में ईश्वर और गुरु का सर्वोच्च स्थान है, लेकिन घर में बनने वाली पहली रोटी ईश्वर या गुरु को नहीं, बल्कि गौमाता को समर्पित की जाती है। यह परंपरा स्वयं गौमाता के महत्व और सनातन संस्कृति में उनके स्थान को दर्शाती है।आयोजन में उपस्थित संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौमाता के जयकारे लगाए। सभी ने एक स्वर में देश में गोकशी को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की सरकार से मांग की। इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, केके द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा, दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वैदिक विद्यार्थी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।