भीषण गर्मी में ‘बाबा दरबार’ में राहत, काशी विश्वनाथ में हाईटेक इंतज़ाम

वाराणसी: भीषण गर्मी को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं. मंदिर के एसडीएम ने गांडीव डिजिटल से खास बातचीत में बताया कि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है.
मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने जानकारी दी कि गर्म जमीन से राहत देने के लिए विशेष रूप से कोलकाता से जूट मैट मंगाकर दर्शन मार्ग पर बिछाया गया है, ताकि नंगे पांव चलने वाले श्रद्धालुओं के पैर न जलें. इसके साथ ही परिसर में जगह-जगह पंखों और फव्वारों की व्यवस्था की गई है, जिससे वातावरण को ठंडा बनाए रखा जा सके.
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था सुदृढ़ की है जो बुजुर्गों और छोटे-छोटे बच्चों के साथ दर्शन के लिए आते हैं. ऐसे श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र दर्शन कराने के निर्देश मंदिर स्टाफ को दिए गए हैं, ताकि उन्हें लंबी कतारों में इंतजार न करना पड़े. इसके साथ ही बुजुर्गों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है.
Also Read:पीएम मोदी पर बयान दें मुश्किल में खरगे, EC की सख्त चेतावनी
मंदिर परिसर में ओआरएस, इलेक्ट्रोल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था के साथ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है. यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत ज्यादा खराब होती है, तो तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाकर इलाज सुनिश्चित कराया जाता है.
प्रयागराज से दर्शन करने आए श्रद्धालु रजत चौबे और अंकुर राय ने बताया कि मंदिर में पानी की व्यवस्था काफी अच्छी है और दर्शन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई. वहीं आदित्य ने भी मंदिर में की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया.



