पुलिस उपायुक्त कार्यालय गोमती जोन में समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश

वाराणसी : कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल ने समस्त थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा गोष्ठी की. बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट व एनडीपीएस मामलों की समीक्षा
समीक्षा के दौरान गैंगेस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट एवं एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज अभियोगों की गहन पड़ताल की गई. वांछित और फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया गया.
गौ-वध, लूट और चोरी पर सख्ती
गौ-वध से जुड़े मामलों में कठोर निरोधात्मक कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी और मजबूत सूचना तंत्र बनाए रखने को कहा गया. लूट और चोरी की घटनाओं में वांछित अभियुक्तों की लोकेशन ट्रेस कर तकनीकी व पारंपरिक माध्यमों से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
हिस्ट्रीशीटर और माफियाओं पर निगरानी
हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के निवास, गतिविधियों और आजीविका का सत्यापन कर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए. चिन्हित माफियाओं और उनके परिजनों की अर्जित संपत्तियों का सत्यापन कर विधिक प्रावधानों के तहत जब्ती/कुर्की की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
ALSO READ :डीएम ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार पर दिया जोर, दिए निर्देश
जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण
आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों और जन शिकायतों का भौतिक सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया गया. आगामी त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण और आवश्यक निवारक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए.
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



