वाराणसी में रेलवे बेस किचन से सात लाख की चोरी, पूर्व कर्मचारी पर संदेह

वाराणसी : कैंट थाना क्षेत्र कि मिंट हाउस स्थित रेलवे बेस किचन से 7.20 लाख रुपये चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि किचन के एक पूर्व कर्मचारी ने सुबह तड़के कैश काउंटर से नकदी चुराकर फरार हो गया. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
बहराइच निवासी रवि प्रकाश भारतीय रेलवे की ट्रेनों में चाय, नाश्ता और भोजन सप्लाई करने का कार्य करते हैं. इसके लिए उन्होंने वाराणसी के मिंट हाउस क्षेत्र में रेलवे बेस किचन संचालित कर रखा है. घटना के समय रवि प्रकाश निजी कार्य से उज्जैन गए हुए थे और किचन की जिम्मेदारी उनके छोटे भाई के पास थी.
सीसीटीवी में घटना कैद
भुक्तभोगी रवि प्रकाश के अनुसार, बिहार के बेगूसराय निवासी प्रशांत पहले उनके यहां काम करता था. काम संतोषजनक न होने के कारण उसे हटा दिया गया था, लेकिन वह अभी भी किचन परिसर में रह रहा था. आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 4:40 बजे प्रशांत ने कैश काउंटर से 7 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया. किचन में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में आरोपी कैश काउंटर से नकदी निकालते हुए दिखाई दे रहा है. घटना का पता चलने पर संचालक ने पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
ALSO READ: काशी के संगीत मर्मज्ञों को मिला अकादमी सम्मान, नृत्यांगना, रंगकर्मी, शास्त्रीय गायक, वायलिन, शहनाई और दुक्कड़ वादक शामिल
इंस्पेक्टर कैंट राज किशोर पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. बतादें कि दो दिन पूर्व शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर स्थित नवसाधना स्कूल (कला केंद्र) के समीप कुमार विनोद के बंद मकान से 1.90 लाख रुपये नकद और ढाई करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात की चोरी हुई. जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ रही हैं. ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.



