राजातालाब तहसील में डीएम की अगुवाई में संपूर्ण समाधान दिवस, 350 मामलों में मात्र 16 का निस्तारण...

वाराणसी : जनपद के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया. जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने तहसील राजातालाब में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आए लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस मौके पर राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद एवं रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों के कुल 350 मामले आए, जिसमें से 16 का मौके पर निस्तारण हुआ. शेष मामलों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने समय सीमा के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए.

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद संबंधी मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर सत्यापन कर मामले को निस्तारित करने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली अक्षम्य होगी. अधिकारी जन समस्याओं को गंभीरतापूर्वक लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें. कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता से न्यायोचित समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है. इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ALSO READ : वाराणसी के तरना ओवरब्रिज पर बाइक सवार युवक की मौत, कार ने मारी टक्कर...
पुलिस और राजस्व से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें, ताकि लोगों को यहां-वहां भटकना न पड़े. इस अवसर पर एडीसीपी वरुणा लिपि नाग्याच, एसडीएम शान्तनु कुमार, तहसीलदार शालिनी सिंह सहित राजस्व विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारी तथा सभी जनपद स्तर के अधिकारी मौजूद थे.



