सारनाथ पुलिस ने बरामद किए 13 गुमशुदा मोबाइल, 1.80 लाख रुपये है कीमत...

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से गुम हुए 13 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल और अन्य वस्तुओं की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस ने यह कार्रवाई की।
ALSO READ : खाकी के आंगन में दिखा हुनर का दीपोत्सव, घर सजाने की प्रतियोगिता में जीते इनाम
पुलिस टीम ने UPCOP और CEIR पोर्टल के साथ ही ऑफलाइन प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। तकनीकी माध्यमों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कुल 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने वाराणसी पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। इस सराहनीय कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार वर्मा और आरक्षी सुनील गुप्ता शामिल रहे।



