वाराणसी में ट्रेन से बकरियों को बचाने में पड़े जान के लाले, भाई-बहन की मौत...

वाराणसी : मिर्जामुराद राजपुर गांव के समीप बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक रेल हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई. बकरी को रेलवे ट्रैक से हटाने के प्रयास में 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई. उसे बचाने दौड़ा उसका 17 वर्षीय भाई भी ट्रेन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया. युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल भाई ने गुरुवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

मिर्जामुराद क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी अन्नू पाल की पुत्री हीरामणि (19) बुधवार शाम रेलवे ट्रैक के किनारे बकरी चरा रही थी. इसी दौरान वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रेन आ गई. बताया गया कि बकरियों को ट्रैक से हटाने के दौरान हीरामणि ट्रेन की चपेट में आ गई. बहन को बचाने के लिए उसका छोटा भाई टिंकू पाल (17) दौड़ा, लेकिन वह भी ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे में हीरामणि की मौके पर मौत हो गई, जबकि टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजन घायल टिंकू को उपचार के लिए कछवा स्थित निजी अस्पताल ले गए. हालत नाजुक होने पर उसे रेफर कर दिया गया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
ALSO READ:काशी विद्यापीठ में बीएससी बायो ग्रुप के अभ्यर्थियों की काउन्सिलिंग दो दिन होगी...
कार्रवाई के डर से शव भूसा घर में छिपाया
इधर, पुलिस कार्रवाई के डर से परिजनों ने मृतका का शव घर के भूसा घर में रख दिया. सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस और जीआरपी को घटनास्थल पर शव नहीं मिला. ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को समझाकर करीब तीन घंटे बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों के मुताबिक युवती दसवीं तक पढाई की थी. उसकी मानसिक हालत इन दिनों ठीक नहीं चल रही थी. जिसका इलाज चल रहा था. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. पुलिस घटना से जुडे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.



