तेज रफ्तार पिकअप ने फर्नीचर कारीगर की ले ली जान, मुआवजे के लिए किया चक्काजाम...

वाराणसी : फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में रविवार की देर रात तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 35 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने सोमवार की सुबह मुआवजे और कार्रवाई की मांग करते हुए शव सड़क पर रखकर वाराणसी-जौनपुर मार्ग जाम कर दिया. लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा. एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा के समझाने और आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ.
जानकारी के अनुसार, पिंडरा बाजार निवासी स्व. मदन लाल विश्वकर्मा के पुत्र जयप्रकाश विश्वकर्मा उर्फ छोटू (35) फर्नीचर का कार्य करते थे. रात करीब 1:30 बजे वह घर से बाहर निकलकर सड़क किनारे लघुशंका कर रहे थे. इसी दौरान फूलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर घर के पास खड़ी मैजिक मालवाहक से टकरा गई. टक्कर के जोरदार झटके से मैजिक वाहन जयप्रकाश से जा भिड़ा, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्वजन और आसपास के लोग उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के विरोध में सोमवार सुबह करीब छह बजे परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. सूचना के बाद एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा और फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका. एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता, पत्नी को विधवा पेंशन तथा दोनों बेटियों को इंस्पायर योजना से जोड़ने का आश्वासन दिया गया है. साथ ही परिवार के एक सदस्य को अमूल कंपनी में रोजगार दिलाने का भी भरोसा दिया गया. फूलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ALSO READ:एक प्रतिशत कमीशन के लिए साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया बैंक खाता, केस दर्ज...
दुर्घटना करने वाली पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक फरार है. बताया गया कि पिकअप अमूल दुग्ध प्लांट से दूध लेकर वाराणसी जा रही थी. मृतक दो भाइयों में छोटा था और फर्नीचर कारीगरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके निधन से पत्नी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी.



