ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर ट्रेन में पथराव, महिला व बच्चा घायल; आरोपी युवक गिरफ्तार.

वाराणसी: ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने और उतरने को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया. दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते पथराव में बदल गई, जिसमें एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए. घटना में ट्रेन की खिड़की का शीशा भी टूट गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को ट्रेन संख्या 20962 बनारस–उधना एक्सप्रेस ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई थी. इसी दौरान यात्रियों के बीच ट्रेन में चढ़ने और उतरने को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने ट्रेन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया.
पथराव की चपेट में ट्रेन के S-1 कोच की सीट संख्या 31 पर बैठी एक महिला और एक बच्चा आ गए, जिन्हें चोटें आईं. वहीं कोच की खिड़की का शीशा टूटने से यात्रियों में दहशत फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर गश्त कर रही जीआरपी और आरपीएफ टीम सक्रिय हो गई.जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पत्थरबाजी करने वाले युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधेश बिंद पुत्र भानु प्रताप बिंद, निवासी नंदपुर, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
वहीं घायल महिला और उनके परिवार से पुलिस ने संपर्क किया। बताया गया कि परिवार राजस्थान की यात्रा पर था. परिजनों ने फिलहाल यात्रा जारी रखने की बात कही है तथा गंतव्य पर पहुंचने के बाद चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी है.
ALSO READ: कज्जाकपुरा सीवर लाइन को लेकर सपा का जलकल कार्यालय पर हल्ला बोल, 14 जून तक काम शुरू कराने का आश्वासन...
जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रियों का भरोसा बढ़ा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई.



