री-NEET परीक्षा से पहले छात्र गिरफ्तार, अंडरगारमेंट्स से मिला मोबाइल और ग्लू...

वाराणसी: री-NEET-UG 2026 परीक्षा के दौरान वाराणसी में सुरक्षा जांच के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है. रविवार को मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध अभ्यर्थी को पकड़ लिया गया.तलाशी के दौरान उसके अंडरगारमेंट्स से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पुराना NEET प्रश्नपत्र और ग्लू जैसी संदिग्ध सामग्री बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच की जा रही थी.इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. गहन तलाशी में उसके पास से प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की.
प्रारंभिक पूछताछ में छात्र ने अपनी पहचान बलिया निवासी प्रिंस दुबे के रूप में बताई. उसने पुलिस को बताया कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है और री-NEET परीक्षा देने वाराणसी आया था.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और जांच एजेंसियां अब उसके मोबाइल की चैट, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया कनेक्शन खंगाल रही हैं.आशंका जताई जा रही है कि छात्र किसी सॉल्वर गैंग या संगठित पेपर लीक गिरोह के संपर्क में हो सकता है.हालांकि, बरामद प्रश्नपत्र पुराना बताया जा रहा है और इसकी जांच जारी है.
फिलहाल पुलिस छात्र के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है और बरामद सामग्री की जांच के जरिए किसी बड़े नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश में जुटी है.



