साइबर अपराध से बचाव के लिए छात्रों को किया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी......

वाराणसी। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए रामनगर पुलिस की ओर से बुधवार को पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, रामनगर में साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए और साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करने से बचें। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सालय रामनगर, प्रधानाचार्य डॉ. अविनाश मिश्रा समेत पुलिस एवं विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस टीम में थाना साइबर सेल व रामनगर थाने के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।



