गर्मी की छुट्टी खत्म, वाराणसी में बदले समय के साथ आज से खुले स्कूल…

वाराणसी : गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद जिले के परिषदीय विद्यालयों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल लौटने जा रही है. मंगलवार से वाराणसी में कक्षा 1 से 8 तक के सभी बेसिक और परिषदीय स्कूल खुल जाएंगे. हालांकि भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्यालयों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा.
इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को सभी विद्यालयों के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए. उन्होंने स्कूल खुलने से पहले साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल मिल सके.
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को स्कूलों का निरीक्षण करने का आदेश देते हुए कहा है कि विद्यालयों में फर्नीचर, पंखे, खिड़की-दरवाजे, ब्लैकबोर्ड और कक्षाओं की साफ-सफाई की विशेष जांच की जाए. साथ ही विद्यालय परिसर में कहीं जलभराव या गंदगी न हो, इसे भी सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने बताया कि विद्यालयों को कंपोजिट ग्रांट की 50 प्रतिशत राशि पहले ही उपलब्ध करा दी गई है, जिससे स्कूलों में आवश्यक साफ-सफाई और मरम्मत कार्य कराए जा सकें. इसके अलावा सभी शौचालयों की नियमित सफाई और कीटाणुशोधन, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा पानी की टंकियों और वाटर कूलर की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
ALSO READ : वाराणसी की बेटियों ने रचा इतिहास, नेटबॉल में बनीं यूपी की स्टेट चैंपियन…
आगामी मानसून को देखते हुए स्कूल परिसरों में उगी झाड़ियों की सफाई, छतों पर जमा गंदगी हटाने, जलभराव रोकने और दवा के छिड़काव के भी निर्देश दिए गए हैं. वहीं मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) से जुड़े रसोईघरों की साफ-सफाई और विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है. अब स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई दोबारा रफ्तार पकड़ेगी और विद्यालय फिर से बच्चों की आवाजों से गुलजार नजर आएंगे.



