BHU में शुरू हुआ रविवासरीय गीता प्रवचन, कुलसचिव बोले- विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ाव जरूरी

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मालवीय भवन में रविवार को गीता समिति की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘रविवासरीय गीता प्रवचन’ का सत्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक रविवार की तरह सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा और पूरे शैक्षणिक सत्र में इसकी निरंतरता बनी रहेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत वेद विभाग के विद्यार्थियों के वैदिक मंगलाचरण से हुई। इसके बाद संगीत एवं मंच कला संकाय के विद्यार्थियों ने कुलगीत एवं भजन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के उस विचार को प्रमुखता से रेखांकित किया गया, जिसमें शिक्षा के उद्देश्य को केवल बौद्धिक विकास तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों में नैतिक और आध्यात्मिक चेतना के विकास पर जोर दिया गया था।
इस अवसर पर प्रो. हृदयरंजन शर्मा ने कहा कि महामना मालवीय का विश्वास था कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक जीवन-मूल्यों और सिद्धांतों से उनका परिचय आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने विश्वविद्यालय में रविवासरीय गीता प्रवचन की परंपरा शुरू की थी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए BHU के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और श्रीमद्भगवद्गीता के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि नवप्रवेशी विद्यार्थियों के इंडक्शन कार्यक्रम में भी गीता से संबंधित आयोजन शामिल किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों में प्रारंभ से ही भारतीय ज्ञान-परंपरा के प्रति जुड़ाव विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि गीता के माध्यम से मन को संस्कारित करने और जीवन-मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास जरूरी है।
मालवीय भवन के मानित निदेशक प्रो. पतंजलि मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती भौतिक प्रतिस्पर्धा और तनाव के कारण व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में गीता के संदेश और जीवन-दर्शन की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है।
गीता समिति के सचिव प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता भारतीय ज्ञान-परंपरा का अमूल्य ग्रंथ है, जो मनुष्य को कर्तव्य, आत्मसंयम और सदाचार का मार्ग दिखाता है। उन्होंने बताया कि महामना ने विश्वविद्यालय परिवार से प्रत्येक रविवार डेढ़ घंटे का ‘समय-दान’ गीता प्रवचन में शामिल होने के लिए अपनी गुरु-दक्षिणा के रूप में देने की अपील की थी।
अहं त्यागकर विनम्रता और आत्मसंयम से जीवन जीने का संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सद्गुरु माधव प्रियदास जी, अध्यक्ष, स्वामीनारायण गुरुकुल, गुजरात, अहमदाबाद ने गीता के अध्ययन, मनन और उसके अनुसार जीवन जीने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अहं की भावना का त्याग कर विनम्रता और आत्मसंयम के साथ जीवन जीने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बाहरी ज्ञान से परिचित कराना नहीं, बल्कि व्यक्ति को उस ज्ञान को ग्रहण करने योग्य बनाना भी है। भगवान विष्णु के त्रिविक्रम स्वरूप का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार त्रिविक्रम ने तीन पगों में समस्त ब्रह्मांड को नाप लिया, उसी प्रकार गीता जैसे विराट विषय को सीमित शब्दों में समेटना कठिन है। उन्होंने कहा कि किसी विषय को समझे बिना उसका सही विवेचन संभव नहीं है, इसलिए गीता के संदेश को समझने और जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शारदिंदु कुमार त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन गीता समिति की संयुक्त सचिव प्रो. सुमन जैन ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



