बाबा दरबार की हुंडियों में उमड़ती आस्था: 56 दान पेटियों की गिनती में पारदर्शिता का सख्त इंतजाम

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और आस्था स्वरूप दान अर्पित करते हैं। मंदिर परिसर में कुल 56 हुंडियां (दान पेटियां) स्थापित हैं, जिनमें प्रतिदिन बड़ी मात्रा में नकद दान जमा होता है। इन हुंडियों में एकत्र धनराशि की गिनती पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जाती है।
मंडलायुक्त ने बताया कि दान की गिनती सप्ताह में दो दिन तय प्रक्रिया के तहत होती है।
खास बात यह है कि इस कार्य में मोक्ष भवन की महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दान में मिली रकम की गिनती करती हैं। इससे व्यवस्था में सामाजिक सहभागिता के साथ भरोसा भी बना रहता है।
ALSO READ : पंडितपुर बना डेंगू मुक्त मॉडल गांव, ‘साथ लड़ेंगे डेंगू से’ अभियान ने बदली तस्वीर...
दान गिनती की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होती है। हर चरण का रिकॉर्ड रखा जाता है और गिनी गई रकम को सुरक्षित तरीके से बैंक में जमा कराया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था इसलिए बनाई गई है ताकि श्रद्धालुओं के दान का हर एक रुपया सुरक्षित और सही उपयोग में लाया जा सके।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, बाबा विश्वनाथ के दरबार में चढ़ने वाला दान सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और विश्वास का प्रतीक है। यही वजह है कि दान व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।



