पिस्तौल के दम पर युवक ने किया किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी: चोलापुर क्षेत्र में एक किशोरी के साथ पड़ोसी गांव के युवक द्वारा अपहरण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. आरोपी ने न केवल पीडिता को बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदगी की, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया. पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरू में टालमटोल की. हालांकि, दबाव बनने पर बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विरोध करने पर दी गई जान से मारने की धमकी
जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र की किशोरी को बीते 15 मार्च को पड़ोसी गांव मुर्दी (थाना सिंधौरा) निवासी रविन यादव बहाने से मुगलसराय, चंदौली ले गया. आरोप है कि वहां एक कमरे में उसे बंद कर दिया गया और पिस्तौल के दम पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. वारदात के दौरान ही आरोपी ने मोबाइल से किशोरी का अश्लील वीडियो भी बना लिया. दुष्कर्म के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकाया कि यदि उसने घर जाकर किसी को बताया, तो वह उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. इसके बाद भी आरोपी ने कई बार पीडिता के साथ दरिंदगी की. लोक-लाज और वीडियो के डर से किशोरी सहमी रही.

आरोपी का इरादा किशोरी को अपने दोस्तों को था परोसना
आरोप यह भी है कि आरोपी का इरादा किशोरी को अपने दोस्तों को भी परोसने का था, लेकिन छात्रा के कड़े विरोध के बाद वह उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गया. वारदात के अगले दिन आरोपी ने फिर से किशोरी पर साथ चलने का दबाव बनाया. छात्रा के इनकार करने पर उसने गांव के लड़कों को वह वीडियो दिखा दिया.

यह भी पढ़ें: नवरात्रि पर्व पर दिखा विश्वनाथ दरबार का नजारा, मुखनिर्मालिका गौरी के लिए भेजी गई भेंट
इसकी भनक जब पीडिता को लगी, तो उसने हिम्मत जुटाकर अपने भाई और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई. आरोप है कि परिजन जब शिकायत लेकर चोलापुर थाने पहुंचे, तो आरोप है कि पुलिस ने संवेदनहीनता दिखाते हुए उन्हें वहां से भगा दिया. सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर मामला गरमाता देख चोलापुर पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राबिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है.


