तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसों में युवक और ट्रक चालक की मौत

The havoc of high speed: Young man and truck driver died in road accidents
वाराणसी: जिले के दो थानों क्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में युवक और ट्रक चालक की मौत हो गई. युवक की पहचान रानी बाजार निवासी जुनैद और जौनपुर निवासी ट्रक चालक रोहित पाल के रूप में हुई है. हादसों की खबर लगते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. पुलिस दोनों के शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है.

चालक वाहन सहित मौके से फरार
रानी बाजार निवासी 19 वर्षीय जुनैद बाइक से जंसा की ओर जा रहा था. इसी बीच भैरव तालाब रोड से गुजरते समय वीरभानपुर नहर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि जुनैद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.

चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज
मृतक के पिता ने राजातालाब थाने में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है. राजातालाब पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फरार वाहन की पहचान करने और चालक तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
लोहता में डंपर- ट्रक में टक्कर
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर रिंग रोड ओवरब्रिज पर एक ट्रक की डेपर से टक्कर हो गई. हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, पीआरवी के जरिए सूचना मिली कि खेवसीपुर रिंग रोड ओवरब्रिज पर ट्रक का एक्सीडेंट हुआ है. सूचना के बाद उप निरीक्षक शशिकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मौके पर ट्रक संख्या UP 50 CT 2109 एक अज्ञात लोडर से टकराया मिला.

Also Read: इस शहर में चलेंगी 250 नई सिटी बसें, स्मार्ट शेल्टर बनाएगा वीडीए
ट्रक का चालक रोहित पाल, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी जौनपुर, केबिन में फंसा हुआ था. स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया. एंबुलेंस से घायल चालक को खलासी राजेश पाल पुत्र स्वर्गीय राजदेव पाल निवासी देवगांव, जिला आजमगढ़ के साथ बीएचयू ट्रामा सेंटर इलाज के लिए भेजा गया, जहां इलाज के दौरान चालक रोहित पाल की मौत हो गई. खलासी का इलाज चल रहा है. पुलिस अज्ञात लोडर व उसके चालक की तलाश कर रही है.



