दंपती चला रहे थे अनैतिक देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने दो नाबालिगों काे कराया मुक्त

वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र के सोना तालाब इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया, जबकि गिरोह की संचालिका और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले की जानकारी के बाद इलाके के लोग हतप्रभ रह गए.
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि सोना तालाब के पास एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच की और सटीक जानकारी मिलने पर छापेमारी की. मौके से दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराकर संरक्षण में लिया गया. एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि इस मामले में मनोज और शहीदुन्निसा को गिरफ्तार किया गया है. दोनों सारंग तालाब, नक्खीघाट क्षेत्र के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार, शहीदुन्निसा इस गिरोह का संचालन कर रही थी और मनोज उसका सहयोगी है, जो उसका दूसरा पति बताया जा रहा है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले करीब एक महीने से मकान में कमरा किराए पर लेकर रैकेट संचालित किया जा रहा था. आरोपियों द्वारा वाट्सएप के जरिए नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजी जाती थीं, जिसके बाद सौदा तय कर ग्राहकों को बुलाया जाता था. भुगतान के लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाता था और एक ग्राहक से तीन हजार से पांच हजार रुपये तक वसूले जाते थे.
वाराणसी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, शिकायतकर्ताओं के खातों में 6.40 लाख कराए वापस
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कैश बॉक्स सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके. वहीं नाबालिगों को संरक्षण गृह भेजने की तैयारी है.



