जरूरतमंद परिवारों के साथ महिला भूमिहार समाज ने मनाई दीपावली, घाट पर जलाए खुशियों के दीप

वाराणसी: सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देते हुए महिला भूमिहार समाज ने दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा कीं। संगठन की ओर से 'उजियारा प्रोजेक्ट' के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने घाट पर दीप प्रज्वलित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दीपावली की आवश्यक सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने घाट की सीढ़ियों पर मिट्टी के दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया। इसके बाद जरूरतमंद परिवारों को खाद्य तेल, मिठाइयां, नए कपड़े, बच्चों के परिधान, चॉकलेट और पटाखे वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। आयोजन का उद्देश्य समाज के वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भी त्योहार की खुशियों में शामिल करना रहा।
महिला भूमिहार समाज की संस्थापक डॉ. राजलक्ष्मी राय ने कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल अपने घर को रोशन करना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाना है। उन्होंने बताया कि 'उजियारा प्रोजेक्ट' के माध्यम से संगठन लगातार जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास कर रहा है।
इस अवसर पर डॉ. राजलक्ष्मी राय, पूनम सिंह, वीना सिंह, सुमन राय, कुसुम राय, किरण राय, डॉ. वंदना राय, प्राची राय, अंबु और पुष्पा राय सहित संगठन की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
ALSO READ: सपा पार्षद भइया लाल यादव सहित 5 पर प्राथमिकी, वाराणसी में 3 महीने पहले भी गए थे जेल
कार्यक्रम के माध्यम से महिला भूमिहार समाज ने सामाजिक सरोकार, सामूहिक सहभागिता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि दीपावली की असली खुशी तभी है, जब समाज का हर वर्ग त्योहार की रोशनी और खुशियों का हिस्सा बने।



