श्रमिकों के प्रदर्शन को लेकर मंत्री ने विपक्ष को घेरा, बोले- साजिश का है हिस्सा

वाराणसी: दिल्ली-एनसीआर व नोएडा में श्रमिकों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने विपक्ष के ऊपर सवाल उठाए हैं. राजभर ने कहा है कि यह समाजवादी पार्टी और विपक्ष की सोची समझी साजिश का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 9 सालों से बीजेपी की सरकार है, लेकिन आज तक श्रमिकों ने प्रदर्शन नहीं किया, अब चुनाव नजदीक आ रहा है तो प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने इसका पाकिस्तानी कनेक्शन भी होने की आशंका जताई है.

विपक्ष आपदा में अवसर ढूंढता रहता है: राजभर
मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि यह घटना एक बड़े साजिश का हिस्सा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली प्रस्तावित है, उसे खराब करने की कोशिश की जा रही है. इसके साथ ही यूपी के औद्योगिक विकास को बाधित करने के उद्देश्य से और सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष में बैठे लोग हमेशा आपदा में अवसर की तलाश में रहते हैं. इसीलिए वह इस आंदोलन को जानबूझकर हवा दे रहे हैं.

Also read: अंबेडकर जयंती: बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और दूरदृष्टि का अद्वितीय उदाहरण
उन्होंने बताया कि जिस तरह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार आतंकवादी पकड़े गए और विपक्ष जिस तरह से रवैया कर रहा है, उससे यह स्पष्ट होता है कि यह घटना कोई मामूली घटना नहीं है. उन्होंने कहा कि अचानक ही भीड़ सड़क पर नहीं उतर जाती, इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को भड़काया गया, जिसका परिणाम श्रमिकों के प्रदर्शन में दिख रहा है.



