पुलिस कमिश्नर ने पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं, दो सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश...

वाराणसी: पुलिस आयुक्त ने बुधवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन की गोष्ठी में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बैठक में पुलिस आयुक्त ने विशेष रूप से पेंशनर्स के मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों एवं अन्य कल्याणकारी मामलों पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि पेंशनर्स से संबंधित कोई भी फाइल पुलिस स्तर पर दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए.उन्होंने कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.

गोष्ठी के दौरान रिटायर्ड डिप्टी एसपी सूर्यबली सिंह को पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन का अध्यक्ष चुने जाने पर पुलिस आयुक्त ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की.इस अवसर पर पुलिस पेंशनर शिशिर द्विवेदी ने अपनी पुत्री आकांक्षा द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक "Redefining Womanhood in India" पुलिस आयुक्त को भेंट की.
बैठक में पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर भी पेंशनर्स को जागरूक किया. उन्होंने विभिन्न साइबर फ्रॉड के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की तथा समाज में साइबर जागरूकता फैलाने में उनकी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
ALSO READ:
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की.
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त लाइन/मुख्यालय प्रमोद कुमार, पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यबली सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे.
vidIQ



