वाराणसी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक, सांस्कृतिक संध्या ने जीता प्रतिनिधियों का दिल…

वाराणसी : विश्व की प्राचीन सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में आयोजित ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप मीटिंग का सफल समापन हुआ. बैठक के समापन अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित ताज गंगेज़ होटल में राज्य भोज (राजकीय रात्रिभोज) एवं भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें ब्रिक्स देशों से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
इस अवसर पर विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देने का अवसर मिला. कार्यक्रम के दौरान संस्कृति, विरासत संरक्षण और पर्यटन संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई. प्रतिनिधियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और वाराणसी की ऐतिहासिक पहचान को करीब से महसूस किया.

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा वेद पति मिश्रा उपस्थित रहे.दोनों अधिकारियों ने विदेशी प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सांस्कृतिक सहयोग, पर्यटन संभावनाओं और विरासत संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की.

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी प्रस्तुतियां रहीं. सांस्कृतिक संध्या में भारतीय कला एवं परंपराओं की झलक देखने को मिली, शास्त्रीय संगीत, लोक नृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अतिथियों को भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्धि से परिचित कराया. इन प्रस्तुतियों ने विदेशी प्रतिनिधियों पर गहरी छाप छोड़ी और भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी रुचि को और बढ़ाया.
ALSO READ : पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की मौत, बारात में मचा बवाल...
आयोजकों के अनुसार, इस बैठक और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यटन एवं विरासत संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं को भी बल प्रदान किया.वाराणसी में आयोजित यह आयोजन सांस्कृतिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.



