पूर्वांचल समेत वाराणसी में मौसम बदला, बूंदाबादी के आसार

वाराणसी - पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख अब नए साल में पहली बार बदल गया है. मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. हालांकि आर्द्रता में पर्याप्त सहारा नहीं मिलने से बारिश का अधिक असर होने की उम्मीद कम ही है. फिलहाल सुबह बादलों की सक्रियता मध्य उत्तर प्रदेश तक बनी हुई थी. माना जा रहा है कि पछुआ का साथ मिला तो बादल पूर्वांचल तक आ सकते हैं। नमी का साथ मिलने पर बादल ठीक ठाक बूंदाबांदी भी करा सकते हैं.
मंगलवार की सुबह वातावरण में नमी का स्तर कुछ कम रहा तो पछुआ हवाओं का असर रहने की वजह से ठंडक के साथ गलन का भी कुछ असर रहा. सुबह शहर में कुहासा तो अंचलों में कोहरे का असर बना रहा. दिन चढ़ने के बाद आठ बजते ही सूरज का असर प्रभावी होने लगा और कुहासे के साथ कोहरे का असर भी खत्म होने लगा. इसकी वजह से साफ होते आसमान के बीच वातावरण में ठंडक का असर धूप की वजह से गुनगुने अहसास में बदल गया. हालांकि दोपहर बाद नमी के साथ पछुआ का साथ मिला तो बादल भी आ गए.

बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 24.2°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा. न्यूनतम तापमान 12.4°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा. आर्द्रता इस दौरान न्यूनतम 69% और अधिकतम 90% दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार नमी में इजाफा और पछुआ का साथ मिलने पर मौसम का रुख बदलेगा और पूर्वांचल में बादल बूंदाबांदी भी इस सीजन में दूसरी बार करा सकते हैं. इससे खेतों को राहत मिलेगी तो मौसम का रुख भी आगे उतार चढ़ाव से कुछ हद तक मुक्त होगा.
ALSO READ : विश्व कैंसर दिवस - एमपीएमएमसीसी व एचबीसीएच में 30% अधिक मरीजों को रेडिएशन उपचार
बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
लखनऊ में मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई है.



