निर्माणाधीन होटल का छज्जा गिरने से मृत मजदूर की हुई पहचान, यहां का था रहने वाला

वाराणसी : शहर के सिद्धगिरी बाग में मंगलवार की शाम निर्माणाधीन होटल के पांचवीं मंजिल से पोर्टिको शेड गिरने से मृत मजदूर की शिनाख्त मीरजापुर के कछवां डेडवा गांव निवासी दिनेश कुमार (38) के स्प में हुई है. वहीं, घायल साथी अमन कुमार का बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है. सिगरा पुलिस ने दिनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक की पहचान उसके घायल साथी ने की.
सिगरा थाना क्षेत्र के चेतगंज निवासी श्याम अरोड़ा का यामाहा कंपनी का ऑटोमोबाइल शोरूम है. शोरूम के ऊपर पांच मंजिला होटल का निर्माण कार्य चल रहा है. दो मजदूर प्रथम तल के बाहरी हिस्से में पुट्टी लगा रहे थे. इस बीच भवन के पांचवें मंजिल से अचानक से पांच फीट का पोर्टिको शेड नीचे गिर गया, जिसके जद में आकर दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं अमन के हाथ पर चोट आई. सिगरा पुलिस और शोरूम कर्मचारियों ने दोनों मजदूरों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दिनेश की मौत हो गई. छानबीन में सामने आया कि पांचवें तल की अनुमति नहीं थी. सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि होटल निर्माण से संबंधित अनुमति की जांच की जा रही है.
ALSO READ : वाराणसी में रिंग रोड के ग्रीन बेल्ट में ऐसे चिह्नित होंगे पक्के निर्माण, ये है वीडीए की योजना
वहीं, इस मामले में वीडीए द्वारा केवल चार मंजिल निर्माण की अनुमति दी गई थी. बावजूद रूफ टॉप पर टिनशेड और पोर्टिको शेड लगाकर पांचवें फ्लोर का रूप दिया गया था. इसे आगे से ढकने के लिए शेड लगाया गया था. शोरूम के गार्ड संजय ने बताया कि बंदरों ने पोर्डिगो शेड को हिला दिया था. इस बीच शाम को वह अचानक नीचे गिर गया.



