इस कंपनी ने क्रूज परियोजना को लगाया करोड़ों का चूना, भनक लगते ही FIR दर्ज

This company defrauded the cruise project of crores of rupees, FIR lodged as soon as the information was received.
वाराणसी: गंगा में आधुनिक क्रूज सेवा के विस्तार की दिशा में चल रही योजनाओं को एक कंपनी ने करोड़ों का झटका दिया. इस मामले में लंका थाने में केरल की एक निजी कंपनी के खिलाफ चार करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि क्रूज निर्माण के नाम पर भारी रकम लेने के बावजूद न तो तय समय में क्रूज तैयार किए गए और न ही निवेश की गई राशि वापस की गई जिससे स्थानीय उद्यमी को गंभीर आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है.

जानें क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार रविदास घाट निवासी विवेक मालवीय की कंपनी अलकनंदा क्रूजलाइन लिमिटेड गंगा नदी में पर्यटन आधारित क्रूज सेवाएं संचालित करती है. कंपनी ने अपने व्यवसाय के विस्तार के उद्देश्य से कोच्ची स्थित नवाल्ट सोलर एंड इलेक्ट्रिक बोट्स प्राइवेट लिमिटेड को तीन आधुनिक क्रूज के निर्माण का ऑर्डर दिया था. यह ऑर्डर एक अगस्त 2022 को दिया गया था जिसकी कुल लागत पांच करोड़ छह लाख रुपये निर्धारित की गई थी. करार के तहत ऑर्डर की पुष्टि के लिए दो अगस्त 2022 को एक करोड़ 52 लाख 80 हजार रुपये अग्रिम भुगतान के रूप में दिए गए. अनुबंध के अनुसार दो क्रूज सात महीने के भीतर यानी दो मार्च 2023 तक तैयार होकर सौंपे जाने थे. लेकिन आरोप है कि तय समयसीमा बीत जाने के बावजूद कंपनी की ओर से कोई भी क्रूज तैयार नहीं किया गया और परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी.

पीड़ित पक्ष का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब भी निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी गई तो कंपनी की ओर से अलग अलग कारण बताकर अतिरिक्त खर्च के नाम पर और धन की मांग की जाती रही. इस दौरान अयोध्या में अस्थायी शिपयार्ड स्थापित करने के नाम पर भी बीस लाख रुपये लिए गए. दस्तावेजों के अनुसार सत्ताईस दिसंबर दो हजार तेइस तक कुल चार करोड़ तीन लाख बहत्तर हजार नब्बे रुपये कंपनी को दिए जा चुके थे लेकिन इसके बावजूद परियोजना जमीन पर नहीं उतर सकी.

Also read: एक नजर इधर भी: स्मार्ट मीटर धारकों के लिए राहत, जानिए कब नहीं कटेगी बिजली
करीब साढ़े तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद जब न तो क्रूज तैयार हुए और न ही धन वापसी की कोई ठोस पहल सामने आई तब विवेक मालवीय ने कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया. लंका थाने में दर्ज मुकदमे में कंपनी के निदेशक संदिध थनदाशेरी और रमिथा मधु समेत संतोष कुमार कृष्णन अजय कुमार सी श्याम टीएस जोम मैथ्यू कार्तिक जीआर एलबी जय और जीतू हरिदास को नामजद किया गया है.
मामले की जांच में पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रारंभिक स्तर पर वित्तीय लेनदेन अनुबंध की शर्तों और कंपनी की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.




