पुलिस टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला , तीन भाइयों को मिली ज़मानत...

वाराणसी: सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में नामजद तीन भाइयों को स्थानीय अदालत से जमानत मिल गई है. अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार यादव की अदालत ने आरोपी राहुल यादव, प्रमोद यादव और दिनेश यादव की जमानत अर्जी स्वीकार कर उन्हें राहत प्रदान की. बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता अवधेश सिंह व नितेश सिंह फौजदारी अधिवक्ता ने अदालत में पक्ष रखा.
अभियोजन के अनुसार, घटना 11 सितंबर 2024 की दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब मैदागिन से बुलानाला जाने वाले वीआईपी मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पुलिस टीम अभियान चला रही थी. इस दौरान उप-निरीक्षक रवि पाण्डेय और सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे. आरोप है कि सप्तसागर दवा मंडी स्थित ‘बाबा जी डोसा’ दुकान का काउंटर सड़क पर रखे होने से यातायात बाधित हो रहा था. पुलिस द्वारा काउंटर हटाने के निर्देश दिए जाने पर आरोपी पक्ष ने कथित तौर पर विरोध शुरू कर दिया.
ALSO READ :दिल्ली-NCR में फिर चढ़ेगा पारा, इस दिन से बदलेगा मौसम का मिजाज...
पुलिस का आरोप है कि राहुल और प्रमोद यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और गालियां दीं. इसी दौरान उनके भाई दिनेश यादव समेत कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम को धमकी दी. मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की थी.



